logo

BIHAR : तेजस्वी ने 10 लाख की बात की थी, नीतीश कुमार ने 20 लाख नौकरी का कर दिया ऐलान

cm_nitish_gandhi_maidan.jpg

पटना:
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने पटना के गांधी मैदान (Gandhi Maidan) में स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) के मुख्य कार्यक्रम में झंडोत्तोलन किया। महागठबंधन की नई सरकार बनने के बाद पहली बार उन्होंने तिरंगे को सलामी दी है। मौके पर उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनवाई और आगे की योजना पर बात की। नीतीश कुमार ने रोजगार देने के मामले में कहा कि तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) जैसे सहयोगी मिले हैं। बिहार में 10 लाख नहीं बल्कि 20 लाख रोजगार दिए जाएंगे। नीतीश कुमार के इस बयान को तेजस्वी ने ट्वीट कर इसे ऐतिहासिक बयान बताया है।


बड़ी संख्या में रोजगार देंगे -नीतीश कुमार
नीतीश कुमार ने कहा, ''हम लोग बड़ी संख्या में रोजगार देंगे। नौकरी वाली बात है कि हम लोग एक साथ हैं. हमारा कॉंसेप्ट है कि हम कम से कम 10 लाख तक कर दें। हम तो यही कहेंगे, बच्चे बच्चियों की नौकरियों के लिए भी और उसके अलावा हर तरह से उसके रोजगार के लिए। नौकरी और रोजगार का इतना इंतजाम कराएंगे,  सरकारी और सरकार के बाहर भी। इतना ज्यादा काम बढ़ना चाहिए। हमारा मन तो है कि इसे हम 20 लाख तक पहुंचाएं. इसके लिए हम हर दिशा में काम करेंगे।

10 लाख अतिरिक्त नौकरियां दूसरी अन्य व्यवस्थाओं से भी दी जाएगी
तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर लिखा कि अभिभावक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी का 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान से ऐतिहासिक ऐलान- 10 लाख नौकरियों के बाद 10 लाख अतिरिक्त नौकरियां दूसरी अन्य व्यवस्थाओं से भी दी जाएगी। जज्बा है बिहारी जुनून है बिहार उत्तम बिहार का सपना करना है साकार।

 

तेजस्वी यादव के इस वादे को याद दिला रही बीजेपी
बता दें कि पिछले कुछ दिनों तक बिहार की सियासत काफी गरमाई थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गठबंधन के नाता छोड़ महागठबंधन का हाथ थाम लिया है। जिसके बाद महागठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी आरजेडी बन गई है।आरजेडी ने 2020 विधानसभा चुनाव के दौरान घोषणापत्र में वादा किया था कि सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में 10 लाख नौकरियां देंगे। अब बीजेपी तेजस्वी यादव के इस वादे को याद दिला रही है।